गोरखपुर
नगर आयुक्त श्री अजय जैन ने महानगर में जलभराव की स्थिति को देखते हुए नगर निगम के सभी जोनों में जलभराव वाले स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राप्ती कंपलेक्स के पास सफाई, मलवा और कूड़ा उठाने के लिए श्री सुनील कुमार सिंह, सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए गए। साथ ही जलकल विभाग को सकिंग मशीन से पानी निकालने के लिए आदेश दिए गए। नगर आयुक्त ने राम जानकी नगर में जलभराव वाले स्थानों और नाले के प्रवाह की भी जांच की। नकहा पुल के नीचे पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया गया, जहां पंप चालू पाया गया। लगातार पंप चलाकर पानी निकालने और लॉग बुक बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इसके बाद नगर आयुक्त ने बरगदवा चौराहे पर विवादित नाले के संबंध में संबंधित पक्षों से चर्चा कर कच्चे नाले को खुदवाकर मुख्य नाले से जोड़ने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त गोरखपुर, जिलाधिकारी गोरखपुर, नगर आयुक्त और वीसी जीडीए ने संयुक्त रूप से धर्मशाला पंपिंग स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां मंडलायुक्त ने लगातार पंप चलाने के निर्देश दिए ताकि जलभराव की समस्या न हो। इसके बाद सभी ने एच०एन० सिंह चौराहे से हडवा फाटक, गोरखनाथ थाना और गोयल गली होते हुए विरासत गलियारे का निरीक्षण किया, जहां किसी भी प्रकार का जलभराव नहीं पाया गया।