डॉ शशि कांत सुमन
मुंगेर। मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत विशेष अभियान दिवस पर विभिन्न विद्यालयों में संचालित बूथों पर युवा एवं नव विवाहित महिलाओं तथा छूटे हुए मतदाताओं के लिए निर्वाचन सूची में नाम दर्ज कराने हेतु चलाए जा रहे विशेष शिविर का आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अवनीश कुमार सिंह द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां मौजूद बीएलओ के कार्य प्रणाली की जांच की वहीं वहां मौजूद 18 आयु वर्ग के युवा, महिला एवं नव विवाहित महिलाओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित भी किया। साथ ही उन्होंने उन्हें मतदान और मतदाता पहचान पत्र के महत्व की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आप युवा लोकतंत्र की नींव हैं और महिलाएं तो अब हर क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे कर देश के विकास में सहायक सिद्ध हो रही हैं। लोकतंत्र के प्रदत्त शक्ति को भी आप पहचाने और अपने मताधिकार का हर हाल में प्रयोग करें। आप के एक एक मत अत्यंत ही महत्वपूर्ण है। मतदाता पहचान पत्र आपके भारतीय नागरिक होने का एक मात्र प्रमाण है इस लिए भी आप अपने मतदाता पहचान पत्र का निर्माण अवश्य कराएं और लोकतंत्र के पर्व के दिन अपने मत का प्रयोग जरूर करें। उन्होंने उपस्थित बीएलओ को भी अधिक से अधिक युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का निर्देश दिया। साथ ही युवाओं को भी पूरे उत्साह के साथ अपने नामों को मतदाता सूची में जोड़ने का अनुरोध किया।
मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविर का डीएम ने किया निरीक्षण




